लंढौर घंटाघर स्थित पार्किंग में बिना अनुमति किए जा रहे कार्य को पालिका ने रोक दिया है। अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर काम बंद कराया। उन्होंने पार्किंग में पालिका की टीम भी तैनात की है।
बुधवार को एक व्यक्ति पार्किंग के गड्ढे भरने का कार्य कर रहा था। सूचना मिलने पर ईओ गौरव भसीन और टीएस अनिरुद्ध सिंह चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने काम रोकने के निर्देश दिए जिस पर बहस भी हुई। ईओ ने सख्ती दिखाते हुए बिना अनुमति हो रहे कार्य को रुकवा दिया। उन्होंने काम करने वाले व्यक्ति से अपने दस्तावेज दिखाने को कहा है। ईओ भसीन ने बताया कि शिकायत मिलने पर निरीक्षण किया गया था।
Iवक्फ बोर्ड पर कब्जे का आरोप
I
पार्किंग के गड्ढे भरने वाले व्यक्ति ने इसे वक्फ बोर्ड की ओर से लीज पर आवंटित बताया। हालांकि, पालिका अभिलेखों के अनुसार पार्किंग का संचालन डेढ़ दशक से अधिक समय से पालिका कर रही है। भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने इसे कब्जे की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि पार्किंग करीब 2012 से जनता को समर्पित है। अग्रवाल ने वक्फ बोर्ड की ऐसी हरकतों पर लगाम लगाने की मांग की है।