शासन का पूरा सहयोग मिलेगा : सीएस
आयोग के अध्यक्ष डॉ.राकेश कुमार ने मुख्य सचिव डॉ.एसएस संधु से भेंट की। डॉ.कुमार ने कहा कि शासन और विभागीय नियमावलियों के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षाओं की युद्धस्तर पर तैयारियां जारी हैं। अभी प्रथम चरण की परीक्षाओं की तिथियों का निर्धारण किया गया है। जल्द ही अन्य परीक्षाओं की तिथियां भी निर्धारित कर दी जाएंगी। मुख्य सचिव ने कहा कि शासन की ओर से आयोग को हर प्रकार से सहयोग किया जाएगा।
पुलिस कांस्टेबल का केवल विज्ञापन, बाकी तीन के दोबारा आवेदन
पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए दोबारा ऑनलाइन आवेदन नहीं होंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत चूंकि पुलिस कांस्टेबल भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा परीक्षा पूरी हो चुकी है, इसलिए यह भर्ती रद्द नहीं हुई। राज्य लोक सेवा आयोग केवल इस भर्ती की परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी करेगा। आयोग के सचिव जीएस रावत ने बताया कि पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं होंगे। बाकी तीन भर्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
पटवारी लेखपाल के लिए आए थे 1.43 लाख आवेदन
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने पटवारी-लेखपाल भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। इस भर्ती के लिए आयोग के पास एक लाख 43 हजार आवेदन आए थे। आयोग इन सभी की परीक्षा कराता, इससे पहले ही पेपर लीक के विवादों से घिर गया। अब इन सभी उम्मीदवारों को राज्य लोक सेवा आयोग दोबारा ऑनलाइन आवेदन का मौका देगा।