उत्तराखंड लोक सेवा आयोग अपने कैलेंडर के हिसाब से सबसे पहले प्रदेश के एक लाख 30 हजार 445 उम्मीदवारों की परीक्षा लेगा। यह भर्ती पुलिस कांस्टेबल की है, जिसकी लिखित परीक्षा आयोग 18 दिसंबर को कराने जा रहा है। इसका विज्ञापन आयोग सात अक्तूबर को जारी करेगा।
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने 28 दिसंबर 2021 को पुलिस कांस्टेबल के 1521 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया था। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन इस साल तीन जनवरी से 13 फरवरी के बीच हुए थे। भर्ती के लिए प्रदेशभर से दो लाख 58 हजार 448 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था।
अजब-गजब: 500 रुपये में ग्रह दोष काट रही हल्द्वानी जेल! वीकेंड पर लोग बिता रहे समय, आईजी ने बताया अंधविश्वास
पहले चरण में पुलिस ने शारीरिक दक्षता परीक्षा कराई थी, जिसमें एक लाख 80 हजार पांच उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था। इनमें से एक लाख 30 हजार 445 उम्मीदवारों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा पास की थी। इनकी लिखित परीक्षा अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को करानी थी लेकिन इस बीच आयोग पेपर लीक प्रकरण में घिर गया।
सरकार ने 23 भर्तियों की जिम्मेदारी उत्तराखंड लोक सेवा आयोग को सौंप दी। राज्य लोक सेवा आयोग ने 16 भर्तियों का जो कैलेंडर जारी किया है, उसमें पहली भर्ती पुलिस कांस्टेबल की है। इसका विज्ञापन आयोग सात अक्तूबर को जारी करेगा। इसके साथ ही शारीरिक दक्षता परीक्षा में पास हुए उम्मीदवारों का रिजल्ट भी आयोग जारी करेगा। इसके बाद 18 दिसंबर को भर्ती की लिखित परीक्षा होगी।
आवेदन नहीं होंगे, सीधे एडमिट कार्ड जारी होंगे
राज्य लोक सेवा आयोग के सचिव जीएस रावत ने बताया कि चूंकि आधी भर्ती पहले हो चुकी है, उन्हें केवल लिखित परीक्षा करानी है। जिन उम्मीदवारों का चयन शारीरिक दक्षता परीक्षा से हो चुका है, उन्हीं को 18 दिसंबर को होने वाली लिखित परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसका विज्ञापन व रिजल्ट औपचारिक तौर पर सात अक्तूबर को जारी कर दिया जाएगा।
14 अक्तूबर को पटवारी-लेखपाल भर्ती का विज्ञापन
राज्य लोक सेवा आयोग पुलिस कांस्टेबल के बाद 14 अक्तूबर को पटवारी-लेखपाल के 554 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी करेगा। इसके लिए नए सिरे से आवेदन होंगे, जिसकी परीक्षा आठ जनवरी 2023 को प्रस्तावित है।