सेलाकुई में एक निजी कंपनी की 16 एकड़ जमीन पर सभी आय वर्ग के लिए आवासीय योजना बनाई जाएगी। इसके अलावा यहां वर्किंग वूमन हॉस्टल का निर्माण होगा और एक इनडोर स्टेडियम भी बनाया जाएगा। उत्तराखंड आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण (उडा) की बोर्ड बैठक में इसे मंजूरी दे दी गई। यह जमीन निजी कंपनी सारा की है, जिसे कंपनी ने लैंड पुलिंग पॉलिसी के तहत सरकार को देने की पेशकश की है। इसके अलावा नैनीताल में प्रस्तावित टाउनशिप को भी उडा बोर्ड ने हरी झंडी है।
बृहस्पतिवार को उडा कार्यालय में शहरी विकास मंत्री प्रीतम पंवार की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में उडा के वार्षिक बजट को मंजूरी मिल गई। बोर्ड की प्रस्तावित सालाना आय 37 करोड़ 78 लाख और व्यय 33 करोड़ 33 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।
बोर्ड ने सेलाकुई में लैंड पूलिंग पॉलिसी के तहत प्राइवेट कंपनी सारा की करीब16 एकड़ जमीन को विकसित करने पर सहमति जताई है। उडा इस भूमि पर ईडब्ल्यूएस, एलआईजी, एमआईजी और एचआईजी के लिए आवासीय योजना व वर्किंग वूमन हॉस्टल का निर्माण करेगा।