वन विभाग के तमाम दावों के बावजूद जलाशयों में आने वाले प्रवासी परिंदों का धड़ल्ले से शिकार किया जा रहा है। हरिपुरा जलाशय में शनिवार को शिकारियों ने 12 साइबेरियन पक्षियों का मार डाला।
सूचना पर पहुंचे वन विभाग के सचल दस्ते ने हरिपुरा जलाशय से 12 मृत साइबेरियन पक्षियों सहित शिकारियों की बाइक जब्त कर ली। वनकर्मियों को देखकर आरोपी फरार हो गए। विभाग आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव जंतु संरक्षण के तहत कार्यवाही करने में जुटा है।
हरिपुरा जलाशय में शिकारी नाव से प्रवासी पक्षियों का शिकार कर रहे थे। सूचना पर वन विभाग के सचल दस्ते के प्रभारी आरएन गौतम के निर्देश पर टीम ने जलाशय में छापा मारा। इस दौरान शिकारियों ने वन विभाग की टीम को देख लिया और पक्षियों को छोड़कर नाव से पड़किया की ओर फरार हो गए।
टीम ने मृत पक्षियों और मौके पर जलाशय पर खड़ी बाइक (यूके 06 एई 5589) को कब्जे में ले लिया। टीम इंचार्ज वन दरोगा कैलाश तिवारी ने बताया कि बाइक स्वामी की पहचान जाकिर निवासी ग्राम ठंडानाला के रूप में हुई है।
उसके दो अन्य साथियों की पहचान अय्यूब और यूनूस निवासी ग्राम ठंडानाला के रूप में हुई है। जंगल से लकड़ी और जलाशय से मछली चोरी में भी जाकिर का नाम कई बार आ चुका है। टीम में डीएस शाही, पीसी तिवारी, जगदीश बिनवाल, मोहम्मद ताहिर आदि थे।