-हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र रावत के सवाल पर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने दिया जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। यू-विन पोर्टल से देशभर में 11.12 करोड़ बच्चों और 3.78 करोड़ गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण किया जा चुका है। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म देश में सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम को पारदर्शी, सुलभ और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम सिद्ध हो रहा है।
हरिद्वार सांसद व पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के लोकसभा में पूछे गए सवाल के जवाब में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने ये जानकारी दी। बताया कि सरकार ने वर्ष 2025 में देशभर में 8.01 करोड़ लाभार्थियों को यू-विन पर पंजीकृत कर क्यूआर कोड आधारित डिजिटल टीकाकरण प्रमाणपत्र उपलब्ध कराए। उत्तराखंड में 3,65,348 गर्भवती महिलाएं और 9,51,444 बच्चे यू-विन पोर्टल पर पंजीकृत हैं। वर्ष 2025 (जनवरी–दिसंबर) के दौरान राज्य में 7,71,381 लाभार्थियों को क्यूआर कोड आधारित डिजिटल टीकाकरण प्रमाणपत्र जारी किए गए।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 के दौरान यू-विन पोर्टल से देशभर में 29.42 करोड़ एसएमएस रिमाइंडर संदेश भेजे गए, जिससे लाभार्थियों को आगामी खुराकों की समय पर जानकारी मिल सकी। यू-विन पोर्टल के माध्यम से शून्य खुराक बच्चों की डिजिटल पहचान और मैपिंग भी की जा रही है। फ्रंट-लाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की ओर से चिह्नित बच्चों को पोर्टल के माध्यम से ट्रैक कर उनका नियमित टीकाकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
यू-विन को वर्तमान में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, पोषण ट्रैकर और सेफवैक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के साथ एकीकृत किया गया है, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का समन्वित और समग्र प्रबंधन संभव हो सका है। सांसद त्रिवेन्द्र ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से टीकाकरण सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन डिजिटल इंडिया और स्वस्थ भारत के संकल्प को साकार कर रहा है।