पुलिस ने कोटी रोड स्थित ढाबे के बाहर से बाइक चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए हुई सहसपुर के दो युवकों को गिरफ्तार किया।
बीती 13 अप्रैल को हरिपुर निवासी हरी सिंह ने कालसी थाने में बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी वैभव गुप्ता ने बताया चोरी के खुलासे के लिए टीम गठित की गई। घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरा को चेक किया गया। एसओजी देहात की भी मदद ली गई। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
मुखबिर की सूचना पर वारदात के 48 घंटे के भीतर व्यास भूड़ से चोरी की बाइक के साथ टीचर्स कॉलोनी सहसपुर निवासी प्रियांशु और सुनील को गिरफ्तार किया। दोनों नशे के आदी हैं। नशे की पूर्ति और जल्दी पैसे कमाने के लिए उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सोहेल बाइक का मिस्त्री है, जो बिना चाबी के बाइक को स्टार्ट कर देता है। उसने बाइक स्टार्ट की, जबकि प्रियांशु ने घटना स्थल पर आने जाने वाले लोगों पर नजर रखी। उसके बाद दोनों बाइक चोरी कर रफू चक्कर हो गए।