ताड़ीखेत के सौनी क्षेत्र में मार्निंग वाक पर निकले जीडी बिड़ला स्कूल के 10वीं के छात्र 15 वर्षीय दिनेश बिष्ट की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। किशोर सड़क से 15 फुट नीचे जलती हुई हालत में मिला था। पुलिस के अनुसार किशोर ने बयान में दो अज्ञात युवकों पर तेल छिड़ककर आग लगाने का आरोप लगाया है। हालांकि मामले में अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
सौनी क्षेत्र में बृहस्पतिवार तड़के हुई इस घटना से लोग हतप्रभ हैं। जानकारी के अनुसार सौनी निवासी दिनेश बिष्ट पुत्र तारा सिंह बिष्ट रोज की तरह रानीखेत रोड में मार्निंग वाक पर निकला था, लेकिन कुछ देर बाद वह सड़क से 15 फुट नीचे जलती हुई हालत में देखा गया। जिस स्थान पर दिनेश झुलसी हालत में मिला वह स्थल घर से दो सौ मीटर की दूरी पर है। सूचना मिलने पर वहां लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।
आनन-फानन में परिजन और लोग बुरी तरह झुलसे दिनेश को यहां राजकीय अस्पताल ले आए। यहां सर्जन डॉ. मुकेश जोशी ने प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि दिनेश शत-प्रतिशत झुलस चुका था, इसीलिए उसे एसटीएच हल्द्वानी रेफर करना पड़ा। सौनी गांव के प्रधान दयाल चंद्र ने बताया कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया है। उसे अब रानीखेत वापस लाया जा रहा है। दिनेश के पिता की सौनी में सस्ते गल्ले की दुकान भी है। दिनेश यहां जीडी बिड़ला स्कूल में 10वीं का छात्र है।
दिनेश ने राजकीय अस्पताल में दिए बयानों में कहा है कि वाक करते वक्त निकटवर्ती स्कूल के पास खड़े दो अज्ञात युवकों ने उस पर तेल छिड़का और आग लगाकर वहां से भाग गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- मैरी पीटर, एसआई, कोतवाली रानीखेत
कारण स्पष्ट नहीं होने से रहस्य बनी मौत
सौनी में तड़के हुई इस घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहे हैं। मौत का मामला फिलहाल रहस्य बना हुआ है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी हैं। रानीखेत कोतवाली की एसआई मैरी पीटर ने बताया कि दिनेश ने राजकीय अस्पताल में दिए बयानों में कहा है कि वाक करते वक्त निकटवर्ती स्कूल के पास खड़े दो अज्ञात युवकों ने उस पर तेल छिड़का और आग लगाकर वहां से भाग गए।
घटना स्थल के पास से मिली कैरोसिन की बोतल
ताड़ीखेत पुलिस चौकी के प्रभारी एसआई एसएस रिंगवाल ने बताया कि उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। घटनास्थल के पास स्थित एक खंडहर के नीचे उन्हें कैरोसिन की बोतल और चप्पलें मिलीं। परिजनों ने चप्पलों की शिनाख्त कर ली है। मामले की जांच चल रही है।