वाइल्ड लाइफ इंस्टीटयूट ऑफ इंडिया (डब्लूआईआई) ने कॉर्बेट टाइगर रिजर्व और तराई पश्चिमी वन प्रभाग से राजाजी टाइगर रिजर्व भेजने के लिए बाघों का चयन कर लिया है। पहले चरण में अक्तूबर में दो बाघों को शिफ्ट किया जाएगा।
कालागढ़ में शनिवार देर शाम को पहुंची डब्लूआईआई टीम ने फाटो, झिरना, बिजरानी, कोठीरौ, लालढांग आदि स्थानों से बाघों का चयन कर लिया है। कालागढ़ के वन विश्राम गृह में कालागढ़ के एसडीओ कुंदन सिंह खाती ने टीम को बाघों के वर्तमान भौगोलिक परिवेश की जानकारी दी।
टीम ने कालागढ़, झिरना, ढेला, कोठीरौ, बिजरानी रेंज के शिकारी कुआं और फाटो का भ्रमण किया। इन स्थानों से बाघों को राजाजी टाइगर रिजर्व ले जाए जाने के लिए टीम ने अध्ययन किया। पहले चरण में अक्तूबर में दो बाघों को शिफ्ट किया जाएगा।
दूसरे चरण में तीन बाघिनों को शिफ्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। टीम बाघों का चयन कर लौट गई है। वर्तमान में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या 250 से अधिक है। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक राहुल ने बताया कि राजाजी टाइगर रिजर्व में पश्चिमी भाग में बाघों की कमी के चलते कॉर्बेट से बाघ भेजे जा रहे हैं।