ब्लाइंड क्रिकेट के एशिया कप के लिए जारी 24 खिलाड़ियों की सूची में उत्तराखंड के दो खिलाड़ियों ने जगह बनाई है। क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (सीएबीआई) की ओर से जारी सूची में उत्तराखंड के दीपक सिंह रावत और गंभीर सिंह चौहान को शामिल किया गया है। अब राष्ट्रीय कोचिंग कैंप और चयन ट्रायल के बाद इनमें से अंतिम 17 खिलाड़ियों की टीम घोषित की जाएगी।
खिलाड़ियों का चयन फिटनेस, प्रदर्शन, स्किल्स और टीम कॉम्बिनेशन के आधार पर किया जाएगा। एशिया कप का दूसरा संस्करण 13 नवंबर 2026 से बांग्लादेश की राजधानी ढाका में खेला जाएगा। प्रतियोगिता टी-20 प्रारूप में होगी। सीएबीआई के चेयरमैन डॉ. महंतेश ने कहा कि एशिया कप पूरे एक दशक बाद लौट रहा है और भारतीय टीम इस बार भी चैंपियन बनने की प्रबल दावेदार है।
एशिया कप का पहला संस्करण वर्ष 2016 में भारत के केरल के कोच्चि शहर में हुआ था, जिसे भारतीय टीम ने जीता था। गंभीर इससे पहले दो बार भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह चकराता के बॉयला के रहने वाले हैं और वर्तमान में राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान, राजपुर रोड में एमएड स्पेशल एजुकेशन के छात्र हैं। वहीं, दीपक सिंह रावत के लिए यह पहला मौका है। वह टीम में जगह बनाने के लिए चयन प्रक्रिया में अपना दावा पेश करेंगे।
दीपक वर्तमान में राजकीय प्राथमिक पाठशाला गमरी मोरी, उत्तरकाशी में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। वह उत्तरकाशी के किमदार सरनौल के मूल निवासी हैं। कोच नरेश सिंह नयाल ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों को कम उम्र से तैयार करना और उन्हें प्रदेश के साथ देश का नाम रोशन करने के लिए आगे बढ़ते देखना उनके लिए गर्व की बात है। कहा कि यह चयन खिलाड़ियों के उत्साह को और बढ़ाएगा।