रुद्रपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को जिलास्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के पहले दिन बालिका वर्ग की एक बैडमिंटन खिलाड़ी पर दो खिलाड़ियों की ओर से टिप्पणी करने पर बखेड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर उत्तराखंड बैडमिंटन संघ ने टिप्पणी करने वाले दोनों खिलाड़ियों को निलंबित कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों खिलाड़ी शुक्रवार से ही बालिका खिलाड़ी पर अपमानजनक टिप्पणी कर रहे थे।
उत्तराखंड बैडमिंटन संघ की ओर से आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता के दौरान अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग के दो बैडमिंटन खिलाड़ियों ने अंडर-13 वर्ग की एक खिलाड़ी टिप्पणी कर दी। बालिका खिलाड़ी की ओर से इसकी शिकायत अपने कोच से की गई। कोच ने जब दोनों खिलाड़ियों को डांटा तो दोनों उनसे उलझने लगे। इससे वहां हंगामा हो गया। घटना की सूचना मिलने पर बालिका खिलाड़ी के परिजन भी वहां पहुंच गए। बालिका खिलाड़ी की माता ने टिप्पणी करने वाले एक खिलाड़ी को थप्पड़ मार दिया।
इससे वह खिलाड़ी भड़क उठा और अपने साथियों के साथ बालिका खिलाड़ी के माता और बहन के साथ बहस करने लगा। वहां मौजूद खेल प्रेमियों ने जब आयोजक समिति के सदस्यों पर सवाल खड़े किए तो उन्होंने इसे खिलाड़ियों के बीच आपसी विवाद बताकर टालने का प्रयास किया लेकिन बाद में जब खेलप्रेमियों और खिलाड़ियों के परिजनों ने मामले की कार्रवाई की मांग की गई तो समिति के सदस्यों ने उच्च पदाधिकारियों से फोन पर वार्ता की। उसके बाद उत्तराखंड बैडमिंटन संघ ने टिप्पणी करने के आरोप में दोनों खिलाड़ियों को निलंबित कर दिया।
बालिका खिलाड़ी पर टिप्पणी करने की शिकायत पर अंडर-15 और अंडर-17 के दोनों खिलाड़ी को निलंबित कर दिया गया है। इसकी जांच के लिए उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों की ओर से कमेटी गठित की जाएगी। दोषी पाए जाने पर खिलाड़ियों पर बैडमिंटन संघ सख्त कार्यवाही करेगा। फिलहाल दोनों खिलाड़ी 11 जुलाई से स्टेडियम में होने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग नहीं कर पाएंगे।
- पुष्कर राज जैन, सचिव, उत्तराखंड बैडमिंटन संघ