देहरादून में पुलिस चेकिंग व मुठभेड़ में गिरफ्तार दोनों बदमाशों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पांच जून की रात खुशालपुर सहसपुर में फुरकान नाम के व्यक्ति के घर पर तमंचे के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। बदमाशों ने घर के लोगों को बंधक बनाकर नगदी व ज्वैलरी लूटी। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए थे। शुक्रवार की सुबह पुलिस को बदमाशों के देहरादून में होने की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस ने दर्रारेट बैरियर के पास चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान पुलिस द्वारा एक यूटिलिटी वाहन को रोका गया, लेकिन यूटिलिटी वाहन मे बैठे लोगों ने वाहन से बैरियर को टक्कर मारकर धर्मावाला की ओर भाग गए।
ये पढ़ें- जल रहे जंगल: आग बुझाने में जुटा सेना का MI-17 हेलीकॉप्टर, फिर सरकार ने मांगी मदद; भीमताल झील का इस्तेमाल
पुलिस की ओर से बदमाशों का पीछा किया गया, इस दौरान बदमाशों का वाहन तिमली से धर्मावाला के बीच जंगल में पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पुलिस ने वाहन चालक बदमाश रमजानी पुत्र इशराक निवासी गंदेवाड़ा सहारनपुर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया। वहीं, वाहन सवार दूसरे बदमाश बबलू पुत्र नईम निवासी किदवई नगर, मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश पुलिस टीम पर फायर कर जंगल की ओर भाग गया था, पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जो बबलू के पैर पर लगी। पुलिस ने बबलू को मौके पर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद किए। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अभी तक की पूछताछ में आरोपी बबलू बादशाह ने बताया कि खुशहालपुर में फुरकान के घर पर हम पांच लोगों ने घरवालों को बंधक बनाकर घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस डकैती में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश कर रही है। पुलिस टीम की ओर से डकैती में शामिल एक अन्य आरोपी असलम फरीद पुत्र लतीफ निवासी कैलाशपुर सहारनपुर को भी गिरफ्तार किया गया है।