रुद्रपुर पुलिस ने किच्छा से दो माओवादियों को गिरफ्तार किया है। एक पर 10 हजार का इनाम था।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को किच्छा के आनंदपुर मोड़ से रमेश भट्ट निवासी दुमकाबंगर हल्दूचौड़ और मनोज कुमार निवासी गैरेही चंदौली यूपी को माओवादी बताकर गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गिरफ्तार देवेंद्र चमियाल से दोनों के बारे में सूचना मिली थी। रमेश पर पूर्व में दर्ज दो घटनाओं को लेकर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित है। आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित साहित्य और पम्पलेट बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी भाकपा माओवादी से जुड़े थे।
ये 2005 में मधुबनी बिहार में हुए नक्सली हमले में शामिल थे। एक आरोपी किच्छा की फैक्ट्री में काम कर रहा था, जबकि दूसरा बरेली में प्राइवेट स्कूल में शिक्षक था। डीजीपी ने पुलिस टीम को 10 हज़ार और डीआईजी ने 5 हज़ार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।