कुल्हाण गांव में पुश्ता निर्माण के दौरान मिट्टी की ढांग के नीचे दबने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीसरे को बचा लिया गया। एसडीआरएफ और पुलिस टीम छह घंटे के रेस्क्यू के बाद दोनों शवों को निकाल सकी।
पहले से ही ढांग गिरने का अंदेशा था, इसी से बचने को पुश्ता निर्माण कार्य किया जा रहा था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए जाएंगे।
हादसा राजपुर थाना क्षेत्र के कुल्हाण गांव में मंगलवार दोपहर हुआ।
मिट्टी की ढांग के बीचोबीच मकान बना होने के कारण गृह मालकिन समचू डोलाम पुश्तें का निर्माण करा रही थीं। ढांग के गिरने से मकान क्षतिग्रस्त होने का अंदेशा था। पुश्ता निर्माण का मंगलवार को तीसरा दिन था।