मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने छरबा और धर्मावाला में दो अवैध निर्माण सील कर दिए। निर्माण एक आवासीय और दूसरा व्यावसायिक था। दोनों निर्माणकर्ताओं को काम रोकने के लिए पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे। उधर, देहरादून में धर्मावाला शिमला बाईपास के पास भी अवैध निर्माण सील किया गया।
संयुक्त सचिव को सहसपुर के छरबा और धर्मावाला में अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी। उनकी ओर से एमडीडीए को पत्र लिखा गया था। एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर हरबर्टपुर क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज टीम के साथ सबसे पहले छरबा पहुंचे। यहां सतीश अग्रवाल की ओर से बिना नक्शा पास करवाए आवासीय भवन का निर्माण किया जा रहा था। टीम ने अवैध निर्माण को सील कर दिया। वहीं, धर्मावाला में अमनदीप की ओर से व्यावसायिक भवन का निर्माण किया गया था। टीम ने भवन को सील कर दिया। एमडीडीए के उपाध्यक्ष ने बताया कि अवैध प्लॉटिंग और निर्माण पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। टीम में जेई सिद्धार्थ सेमवाल, मनीष नौटियाल, प्यारेलाल और पुलिसकर्मी शामिल रहे।