देहरादून। क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में सीएनजी भरने के दौरान पेट्रोल पंप पर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के लोग आपस में झगड़ने लगे और मारपीट पर उतारू हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों की पहचान सुधीर (26) और सुनील कुमार (29), निवासी गोल मार्केट, टाइटन रोड, पटेलनगर, शुभम (29), निवासी तुन्तोवाला, मेहूंवाला, पटेलनगर, हर्षित (18) और विशाल कुमार (24), निवासी ताकीपुर, थाना बिहारीगढ़, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि 15 अक्तूबर को क्लेमेंटटाउन क्षेत्र स्थित एक सीएनजी पेट्रोल पंप पर दो पक्षों के बीच विवाद होने की सूचना मिली थी। बताया गया कि सीएनजी भरवाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे और उग्र हो गए। इसके बाद पुलिस ने शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।