फ्रेंडशिप डे पर हमेशा साथ रहने की कसमे खाने वाली दो सहेलियां इसी दिन हमेशा के लिए अलग हो गई। एक हादसे ने दोनों को हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया।
राजपुर रोड स्थित होंडा शोरूम के पास टैंकर की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवतियों की मौत हो गई। युवतियों की स्कूटी सड़क के गड्ढे में अनियंत्रित होकर गिर गई और पीछे से आ रहे टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से जख्मी युवतियों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। दोनों ही युवतियां साईं मंदिर में पूजा कर घर लौट रही थीं। पुलिस ने टैंकर कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
डालनवाला कोतवाली पुलिस के मुताबिक हादसा रविवार शाम करीब पौने पांच बजे हुआ है। प्रगति विहार, नींबू वाला, थाना कैंट निवासी कनिका शर्मा (29) पुत्री डीवी शर्मा और उसकी दोस्त वर्षा डंडरियाल (23) पुत्री राकेश कुमार निवासी चुक्खूवाला स्कूटी (यूके 07 एके 4843) से राजपुर रोड से लौट रहे थे।