- दूसरी महिला की हालत बेहद गंभीर, घटना का कारण नहीं हो पाया स्पष्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर/साहिया। कालसी तहसील क्षेत्र के खत समाल्टा के बमराड़ गांव में दो बुजुर्ग महिलाएं संदिग्ध अवस्था में बेहोशी की हालत में मिलीं। परिजन दोनों को सीएचसी साहिया लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने तुलसा देवी (80) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कमला देवी (70) को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।
राजस्व उपनिरीक्षक देवेंद्र रावत ने बताया कि सोमवार को घटना की सूचना मिली थी। मृतका के बेटे अनिल जोशी ने बताया कि रविवार रात उनकी छोटी और बड़ी मां भोजन कर एक ही कमरे में सोने चली गईं। वह रात एक बजे शौच के लिए बाहर आए तो देखा कि उनका कमरा आधा खुला है। उन्होंनेे कमरे के भीतर जाकर देखा तो टीवी चल रहा था। दोनों माताएं बेहोश थीं। वह तुरंत दोनों को सीएचसी साहिया लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने बड़ी मां को मृत घोषित कर दिया। उनकी दूसरी माता को हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के स्पष्ट कारण का पता नहीं चल पाया है। एसडीएम को रिपोर्ट भेज दी गई है।