एयरपोर्ट तिराहा और जौलीग्रांट पुलिस चौकी के बीच ऋषिकेश मुख्य मार्ग पर मॉर्निंग वॉक पर निकले दो बुजुर्गों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। वाहन की टक्कर से दोनों बुजुर्गों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना सोमवार सुबह की है। पुलिस ने बताया कि बीर सिंह बिष्ट (75) पुत्र स्वर्गीय शिव सिंह बिष्ट निवासी वार्ड नंबर आठ अठुरवाला और दलपति सिंह (65) पुत्र शिव सिंह निवासी वार्ड सात जोगियाना, अठुरवाला दोनों सुबह करीब 6.30 बजे मॉर्निंग वॉक पर ऋषिकेश मुख्य मार्ग पर निकले थे।
यहां अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर दोनों शव अलग-अलग कुछ दूरी पर पड़े हुए थे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। निवर्तमान सभासद संदीप नेगी ने कहा कि बीर सिंह खेती बाड़ी करते थे और दलपति सिंह वन विभाग से रिटायर्ड थे।
बीर सिंह बिष्ट के भतीजे विकास बिष्ट ने कहा कि ऐसा अनुमान है कि दोनों बुजुर्ग एयरपोर्ट तिराहे से मॉर्निंग वॉक के बाद वापस लौट रहे थे। तभी अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को मृतकों के पास से बरामद आधार कार्ड से उनकी पहचान हुई। वहीं चौकी इंचार्ज सुमित चौधरी ने कहा कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। टक्कर मारने वाले वाहन चालक के बारे में छानबीन की जा रही है।