राजकीय दून मेडिकल कालेज में 13 और 14 अगस्त को लेप्रोस्कोपिक सर्जरी का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 12 मरीजों की लाइव सर्जरी की जाएगी, जिसका लाइव प्रदर्शन किया जाएगा।
उत्तरांचल प्रेस क्लब में बृहस्पतिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने बताया कि लेप्रोस्कोपिक सर्जरी प्रोसीजर्स : बेसिक टू एडवांस विषय पर कार्यशाला एसोसिएशन आफ मिनिमम एक्सेस सर्जन्स ऑफ इंडिया के सहयोग से की जा रही है। नए ओटी ब्लाक में दूरबीन विधि से ऑपरेशन किए जाएंगे। कार्यशाला में कई शहरों से बड़ी संख्या में डॉक्टर जुटेंगे। मरीज की स्क्रीनिंग व प्री-एनेस्थेटिक जांच पूरी कर ली गई है। लाइव सेशन में किसी डॉक्टर को समझना है तो वह लाइव बता देंगे। आधुनिक उपकरण ऑपरेशन के लिए लाए गए हैं।
बताया कि आईसीयू-ओटी बिल्डिंग में अभी ऑपरेशन शुरू होंगे। लगभग एक सप्ताह के बाद पांच मंजिला पूरी बिल्डिंग के सभी तलों पर अलग-अलग ऑपरेशन शुरू कर दिए जाएंगे। इस मौके पर दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एनएस खत्री, वरिष्ठ सर्जन डॉ. अभय कुमार व डॉ. धनंजय डोभाल, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी महेंद्र सिंह भंडारी, प्रशासनिक अधिकारी दीपक राणा, वरिष्ठ तकनीशियन अभय नेगी, जनसंपर्क अधिकारी गौरव चौहान आदि मौजूद रहे।