अलग-अलग समुदाय के युवक और युवती के फरार होने के मामले में कुछ दिन पूर्व हिरासत में लिए गए युवक के भाई को छोड़ने के विरोध में भड़के व्यापारियों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने पहले युवक के जिम में जमकर तोड़फोड़ की और फिर बाजार बंद कराने के बाद युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर धरना शुरू कर दिया। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण होते देख और मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण मौके पर भारी पुलिस फोर्स बुला ली गई।
विज्ञापन
सूचना पाकर एसएसपी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने व्यापारियों से वार्ता कर मामले में जांच के बाद कार्रवाई की आश्वासन दिया, तब जाकर उन्होंने धरना समाप्त किया। उधर, तोड़फोड़ के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने लगभग 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में देर शाम कोतवाल अमर चंद शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कस्बे की एक युवती ने पिछले दिनों दूसरे समुदाय के युवक के जिम को ज्वाइन किया था। सूत्रों के मुताबिक कुछ दिन पहले जिम संचालक युवती के साथ फरार हो गया। सूचना मिलने पर युवती के पिता ने कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इस बीच पुलिस ने जिम संचालक के भाई को हिरासत में लेने के बाद बृहस्पतिवार रात पूछताछ के बाद छोड़ दिया था।
विज्ञापन
शुक्रवार को जैसे ही युवक को छोड़ने की जानकारी व्यापारियों को मिली तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। भड़के व्यापारी कस्बे में एक जगह एकत्र हो गए और जिम संचालक के जिम पर पहुंचकर जमकर तोड़फोड़ की। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने तोड़फोड़ कर रहे व्यापारियों को किसी तरह से शांत कर हटाया, लेकिन उनका गुस्सा यहीं खत्म नहीं हुआ। इसके बाद कारोबारियों ने लक्सर बाजार बंद करा दिया और फिर जिम संचालक एवं उसके परिवार के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर कस्बे के दुर्गा चौक पर धरना शुरू कर दिया।
जानकारी मिलते ही एसडीएम कौस्तुभ मिश्र मौके पर पहुंचे और व्यापारियों से बातचीत की, लेकिन उन्होंने धरना समाप्त करने से इनकार कर दिया। इसी बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार वीके भी मौके पर पहुंच गए और व्यापारियों से बातचीत की। व्यापारियों का कहना था कि जिम संचालक के परिवार के लोग इससे पहले भी कई बार उल्टे सीधे कार्य कर कस्बे का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर चुके हैं।
व्यापारियों ने जिम संचालक और उसके परिवार के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की मांग की, लेकिन एसएसपी ने रासुका के तहत कार्रवाई से साफ इनकार कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण देखते हुए लक्सर कोतवाली पुलिस के अलावा खानपुर, पथरी और रुड़की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एसएसपी ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर नियमानुसार गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद व्यापारी शांत हुए और धरना खत्म किया। इस दौरान अतुल गुप्ता, अजय वर्मा, राजेंद्र वर्मा, मनोज वर्मा, राहुल अग्रवाल, सुनील बंसल, सत्यवीर सूर्यवंशी, आशीष अग्रवाल, नीरज वर्मा, पवन कपूर, मास्टर अरविंद, वीरेंद्र गुप्ता, सन्नी, विपुल बंसल, सतीश मल्होत्रा, मनीष गोयल मौजूद थे।
जिस युवक के साथ युवती गई है, उसके भाई को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था, लेकिन उससे कोई महत्वपूर्ण जानकारी नहीं मिल पाई। लिहाजा बृहस्पतिवार रात उसे छोड़ दिया गया। -मनोज सिरोला, कस्बा चौकी प्रभारी