- दोनों सड़क हादसों में तीन लोग हुए घायल, सभी का स्वास्थ्य सामान्य
- बल्लूपुर-पांवटा एनएच पर शुक्रवार सुबह 11:30 बजे हुई टक्कर, चालक के बाएं हाथ में आई चोट
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। क्षेत्र के दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों पर अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि सभी घायलों का स्वास्थ्य सामान्य है। पहली घटना शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे बल्लूपुर-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मेदनीपुर-बद्रीपुर चौक के पास हुई। यहां यू-टर्न लेते समय एक कार को पीछे से आ रही दूसरी कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और एक कार चालक के बाएं हाथ में चोट आई, जबकि अन्य सवार सुरक्षित रहे।
कोतवाली प्रभारी नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि एक कार बद्रीपुर निवासी ज्वाला चला रहे थे। हादसे में सवार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के बेहट क्षेत्र स्थित जस्मौर निवासी प्रियांशु चौहान और फतेहपुर निवासी चित्रांश चौहान को कोई चोट नहीं आई। सूचना पर मौके पर पहुंचे धर्मावाला चौकी प्रभारी पंकज कुमार ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे खड़ा कराकर यातायात सुचारु कराया।
दूसरी घटना बृहस्पतिवार देर रात दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिमली क्षेत्र में हुई। सामने से आए जानवर को बचाने के चक्कर में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गई। दुर्घटना में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।