बाजार में केला बेचने को लेकर कुछ ऐसा हो गया। दो व्यापारी एक-दूसरे के खून के प्यासे हो गए। एक-दूसरे पर टूट पड़े और लहुलूहान हो गए। जानिए, पूरा मामला...
घटनाक्रम के मुताबिक लक्सर निवासी सचिन पुत्र अनिल अग्रवाल व पथरी थाना क्षेत्र के गोविंदगढ़ गांव निवासी अमित लक्सर कस्बे के बालावाली तिराहे पर जूस व फल की ठेली लगाते है। बताया जाता है कि सोमवार को अमित की दुकान पर एक महिला केले लेने के लिए आयी।
इस पर अमित ने उसे केले का भाव चालीस रुपये बताते हुए एक दर्जन केला बेच दिया। लेकिन इसी बीच जब उक्त महिला सचिन की ठेली के सामने से निकली तो सचिन ने उसे केले का भाव तीस रुपये दर्जन बताते हुए पड़ोसी दुकानदार से मंहगा केला खरीदने की बात कही। इस पर महिला ने अमित से खरीदा गया केला वापस कर दिया।
तथा उक्त महिला ने सचिन से केला खरीद लिया। महिला के चले जाने के बाद दोनों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। जिसमे सचिन व अमित का भाई अनिल घायल हो गए।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सचिन, सन्नी पुत्र अनिल अग्रवाल निवासी केशव नगर व अनिल कुमार पुत्र जुगल किशोर निवासी गोविंदगढ़ निवासी को हिरासत में ले लिया। कोतवाल टीएस राणा ने बताया कि तीनों के खिलाफ लिखापढ़ी की कार्रवाई कर दी गई है।