विकासनगर। कोतवाली पुलिस ने सब्जी मंडी स्थित गोदाम से फलों की क्रेट चोरी करने के मामले में एक कबाड़ी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की गई क्रेट बरामद हो गई हैं। मामले में सन्नवर पुत्र सईद अहमद निवासी मुस्लिम बस्ती ने उसके गोदाम से क्रेट चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया था।
मुखबिर की सूचना पर चौकी प्रभारी बाजार अर्जुन गुसाईं के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी मुस्तकीम पुत्र पीरू निवासी धर्मावाला थाना सहसपुर और चोरी के क्रेट खरीदने वाले कबाड़ी इब्राहिम पुत्र पीर मोहम्मद निवासी सहारनपुर रोड हरबर्टपुर निकट पेट्रोल पंप को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुस्तकीम ने बताया कि वह सन्नवर की पिकअप पिछले पांच साल से चलाता है। उसे पैसों की जरूरत थी, जिस पर उसने चोरी करने की योजना बनाई। स्टोर से 68 क्रेट पिकअप में भरी और हरबर्टपुर इब्राहिम नाम के कबाड़ी को 2500 रुपये में बेच दी। पुलिस टीम में त्रेपन चौहान, कपिल और अनिल भंडारी शामिल रहे।