कोतवाली नगर पुलिस ने चौकी लक्ष्मण चौक क्षेत्र में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 15 लाख के गहने और तीन लाख 85 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खाते भी फ्रीज करवा दिए हैं। मामले में एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस कार्यालय में चोरी का खुलासा करते हुए डीआईजी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि 19 मार्च को शेख शरीफ निवासी गांधी ग्राम कांवली रोड ने शिकायत दर्ज की थी। बताया था कि वह अपनी मां के इलाज के लिए सहारनपुर गया था। 18 मार्च को लौटा तो घर का ताला टूटा मिला। घर से साढ़े छह लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने गायब थे। मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति नजर आए। इनकी पहचान साजिद, चाहत और अहसान तीनों निवासी यामीन वाली गली कांवली रोड के रूप में हुई। मुखबिर की सूचना पर आरोपी साजिद और चाहत को सरस्वती सोनी मार्ग से गिरफ्तार कर लिया गया।
चोरी के गहने गिरवी रख लिया था लोन
आरोपी साजिद और अहसान ने गहनों को प्रिंस चौक स्थित एसबीएफसी फाइनेंस कंपनी में गिरवी रख सात लाख का लोन लिया था। साजिद ने बताया कि जो भी पैसे फाइनेंस कंपनी से मिले वह अहसान ने अपने पास रख लिए और चोरी किए गए रुपयों में से चार लाख उसे दे दिए। इसमें से 65000 से उसने लोगों का उधार चुकाया और कुछ पैसे खर्च कर दिए।
शेख शरीफ के घर काम करती है साजिद की पत्नी
इंस्पेक्टर कोतवाली विद्याभूषण नेगी ने बताया कि आरोपी साजिद की पत्नी शेख शरीफ के घर काम करती है। उसने ही साजिद को शेख के बाहर जाने और घर में काफी गहने और नकदी रखे हाेने की बात बताई। साजिद ने अन्य आरोपियों के साथ पहले 16 मार्च की रात को चोरी का प्रयास किया पर सफल नहीं हो पाए। इसके बाद 17 मार्च की रात को घर में घुसे और चोरी की। तीनों आरोपी मजदूरी करते हैं।