बीते साल हरिद्वार से गंगा जल लेकर अपने गंतव्य की आरे जा रहे कांवड़ यात्रियों पर पथराव की घटना हुई थी। इस मामले में मास्टरमाइंड हिस्ट्रीशीटर शंकरपुर हुकमतपुर निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य राशिद पहलवान और उसके भाई जावेद को छह माह के लिए जिला बदर किया गया है। दोनों पर दंगा भड़काने, हत्या के प्रयास, बलवा और धार्मिक भावनाओं को आहत करने समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। सहसपुर थाना पुलिस ने दोनों को चेतावनी दी है कि जिला बदर अवधि के बीच देहरादून की सीमा में प्रवेश न करें।
सहसपुर थाना प्रभारी मुकेश त्यागी ने बताया कि जिलाधिकारी से दोनों भाइयों को छह माह के लिए जिला बदर करने के आदेश प्राप्त हुए थे। रविवार को दर्रारेट चेकपोस्ट से दोनों को उत्तरप्रदेश के सहारनपुर जिले के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में छोड़ दिया गया। मिर्जापुर थाना पुलिस को दोनों हिस्ट्रीशीटरों को उनकी सीमा में छोड़ने की सूचना दी गई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि राशिद पहलवान पर दंगा भड़काने, हत्या के प्रयास, बलवा, धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में 10 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, अधिकांश इन ही धाराओं में जावेद पर भी छह मुकदमे चल रहे हैं। बताया कि दोनों को सख्त चेतावनी दी गई है कि जिला बदर अवधि के बीच देहरादून की सीमा में बिल्कुल भी प्रवेश करने की कोशिश न करें।