त्यूनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जगाधरी-पांवटा-राजवन-रोहड़ू राष्ट्रीय राजमार्ग पर 108 एंबुलेंस सेवा को बचाने के चक्कर में एक ट्रक ने सड़क किनारे काम कर रहे मजदूर को चपेट में ले लिया। इससे मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब चार बजे एक ट्रक रोहड़ू से त्यूनी की ओर जा रहा था। तभी मजोग के पास सामने से आ रही एंबुलेंस को बचाने के चक्कर में ट्रक चालक ने वाहन को साइड में किया। इस दौरान सड़क किनारे काम कर रहा एक मजदूर ट्रक की चपेट में आ गया। इससे मजदूर की मौके पर मौत हो गई। लोगोें ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे लिया। मृतक की पहचान पानी राम (50) पुत्र गुसाईं राम निवासी ग्राम ओखली सिरोध थाना झिरोली जिला बागेश्वर के रूप में हुई।
थानाध्यक्ष बीएल भारती ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। उनके त्यूनी पहुंचने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।