फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मां पूर्णागिरि के दर्शन कर लौट रहे दो युवकों को कार ने मारी टक्कर, पीछे से आ रहे ट्रक ने कुचला

Tue, 07 May 2019 08:24 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रुद्रपुर/मुक्तेश्वर
विज्ञापन
मृतक भूपेंद्र सिंह/ रघुवर सिंह - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उत्तराखंड के टनकपुर से मां पूर्णागिरि के दर्शन कर लौट रहे मुक्तेश्वर निवासी दो युवकों की रुद्रपुर में सड़क हादसे में मौत हो गई। रविवार देर रात दोनों युवकों की बाइक को पहले एक कार ने टक्कर मारी। इसके बाद ट्रक ने दोनों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही जान चली गई। 

विज्ञापन


मुक्तेश्वर के ग्राम बना निवासी भूपेंद्र सिंह उर्फ भूपाल (24) पुत्र नारायण सिंह बिष्ट और रघुवर सिंह (25) पुत्र दीवान सिंह बिष्ट कुछ दिन पूर्व अपने मित्र पंकज सिंह, अनिल सिंह, गोपाल सिंह और खीमराज सिंह के साथ मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए गए थे। रविवार रात सभी दोस्त रुद्रपुर पहुंचे और कुछ देर सिडकुल में काम करने वाले जगतपुरा निवासी एक दोस्त के घर पर रुके।

रात करीब 12 बजे सभी अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर हल्द्वानी के लिए निकले। नैनीताल रोड स्थित पारले चौक के पास पहुंचने पर सामने से आ रही एक कार ने भूपेंद्र और रघुवर की बाइक (यूके04वाई-4206) को टक्कर मार दी, जिससे दोनों बाइक से छिटक कर सड़क पर गिर गए।
विज्ञापन


इससे पहले कि दोनों संभल पाते पीछे से आ रहे दस टायरा ट्रक ने दोनों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार और ट्रक चालक वाहनों को छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची सिडकुल चौकी पुलिस ने कार और ट्रक को कब्जे में लेकर दोनों युवकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

विज्ञापन

कार की टक्कर से बच सकते थे अगर ट्रक न कुचलता
भूपाल और रघुवर की बाइक को जब कार ने टक्कर मारी तो दोनों छिटककर सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए। इसके बाद भी दोनों के अस्पताल में उपचार के बाद बचने की संभावना थी लेकिन पहुंचे ट्रक ने दोनों को कुचल दिया और दोनों का शरीर कई टुकड़ों में सड़क पर बिखरा पड़ा था। 

खेती कर आजीविका चलाते थे दोनों युवक
रुद्रपुर हादसे में मारे गए भूपाल सिंह और रघुवर सिंह की मौत से गांव में मातम पसरा है। दोनों अविवाहित थे और खेती कर आजीविका चलाते थे।  ग्रामीणों के मुताबिक दोनों युवक इंटर की पढ़ाई के बाद खेतीबाड़ी करते थे, लेकिन रविवार रात सड़क हादसे में दोनों युवकों की मौत ने परिजनों को तोड़ कर रख दिया है। सोमवार को दोनों युवकों के शव गांव पहुंचने के बाद अंत्येष्टि कर दी गई।

चार माह में 135 सड़क हादसे, 87 की मौत और 105 घायल
पुलिस विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार जनवरी से अप्रैल तक जिले में कुल 135 सड़क हादसे हुए हैं, जिसमें 87 लोगों की मौत हुई और 105 लोग घायल हो गए। नेशनल हाइवे पर सबसे अधिक सड़क हादसे हुए हैं। कई स्थानों पर सड़कों के गड्ढे हादसों को निमंत्रण दे रहे हैं। दो दिन पूर्व पुलिस, आरटीओ विभाग और लोक निर्माण विभाग को कुछ ब्लैक स्पॉट के निरीक्षण में कई तरह की खामियां मिली थीं।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें