कार की टक्कर से बच सकते थे अगर ट्रक न कुचलता
भूपाल और रघुवर की बाइक को जब कार ने टक्कर मारी तो दोनों छिटककर सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए। इसके बाद भी दोनों के अस्पताल में उपचार के बाद बचने की संभावना थी लेकिन पहुंचे ट्रक ने दोनों को कुचल दिया और दोनों का शरीर कई टुकड़ों में सड़क पर बिखरा पड़ा था।
खेती कर आजीविका चलाते थे दोनों युवक
रुद्रपुर हादसे में मारे गए भूपाल सिंह और रघुवर सिंह की मौत से गांव में मातम पसरा है। दोनों अविवाहित थे और खेती कर आजीविका चलाते थे। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों युवक इंटर की पढ़ाई के बाद खेतीबाड़ी करते थे, लेकिन रविवार रात सड़क हादसे में दोनों युवकों की मौत ने परिजनों को तोड़ कर रख दिया है। सोमवार को दोनों युवकों के शव गांव पहुंचने के बाद अंत्येष्टि कर दी गई।
चार माह में 135 सड़क हादसे, 87 की मौत और 105 घायल
पुलिस विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार जनवरी से अप्रैल तक जिले में कुल 135 सड़क हादसे हुए हैं, जिसमें 87 लोगों की मौत हुई और 105 लोग घायल हो गए। नेशनल हाइवे पर सबसे अधिक सड़क हादसे हुए हैं। कई स्थानों पर सड़कों के गड्ढे हादसों को निमंत्रण दे रहे हैं। दो दिन पूर्व पुलिस, आरटीओ विभाग और लोक निर्माण विभाग को कुछ ब्लैक स्पॉट के निरीक्षण में कई तरह की खामियां मिली थीं।