देहरादून। नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की आत्मिक शांति के लिए इंदिरा नगर स्थित गांव गल्जवाड़ी में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। ग्राम की पूर्व प्रधान लीला शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने 108 दीपक जलाकर दिवंगतों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। दीप प्रज्वलन के दौरान माहौल गमगीन हो गया।
पूर्व प्रधान लीला शर्मा ने कहा कि नेपाल में हुई त्रासदी ने सभी को झकझोर दिया है। निर्दोष लोगों और बच्चों की मौत बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में भारतीय समाज पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। सभा में उपस्थित ग्रामीणों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और नेपाल के प्रभावित क्षेत्रों में जल्द हालात सामान्य होने की कामना की। कार्यक्रम में विमला छेत्री, गोयम छेत्री, बेल कुमारी, मणि कुमारी, बेबी, मनीषा, लाल माया, रूपा देवी, प्रमिता, गंगा देवी और सीता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।