बल्लूपुर-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अंधेरे में मवेशियों के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए परिवहन विभाग ने शुक्रवार को मटक माजरी में रिफ्लेक्टर अभियान चलाया। अभियान के तहत 50 पशुओं को चमकदार रिफ्लेक्टर बेल्ट पहनाई गई और उनके सींगों पर लाल रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए। साथ ही 30 डेरों के मुखियाओं को रिफ्लेक्टर जैकेट वितरित की गईं।
राजमार्ग पर सुबह और देर शाम पशुओं को सड़क से ले जाने के दौरान दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कम रोशनी में पशु दूर से दिखाई नहीं देने के कारण तेज रफ्तार वाहनों से टकरा जाते हैं। इससे पशुओं के साथ वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। इन हादसों को देखते हुए परिवहन विभाग ने पशुओं और भारी वाहनों की दृश्यता बढ़ाने के लिए यह पहल की है। ताकि रात में वाहनों की रोशनी पड़ने पर पशु दूर से दिखाई दे सकें। डेरों के मुखियाओं को सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
पशुओं को सुबह जल्दी और देर शाम सड़क से ले जाते समय विशेष सावधानी बरतें। रिफ्लेक्टर लगाने से अंधेरे में पशु दूर से दिखाई देंगे और दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा। पशुपालक अपने पशुओं की सुरक्षा के लिए रिफ्लेक्टर का इस्तेमाल करें और उन्हें सड़क पर लावारिस न छोड़ें। - अनिल सिंह नेगी, एआरटीओ प्रवर्तन, विकासनगर