लॉकडाउन के कारण अहमदाबाद में फंसे 1193 प्रवासियों को लेकर विशेष ट्रेन रविवार शाम 8:05 पर लालकुआं रेलवे स्टेशन पहुंची। स्टेशन पर सभी यात्रियों की गहन जांच की गई। बाद में बारी-बारी से उन्हें प्लेटफॉर्म से निकालकर 36 बसों से रुद्रपुर और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम रवाना किया गया।
विशेष ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब चार घंटे देरी से लालकुआं पहुंची। यात्रियों की जांच और अन्य व्यवस्था के लिए तीन सौ कर्मचारी और अधिकारियों को तैनात किया गया था। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों और उनके सामान को सैनिटाइज भी किया गया। अल्मोड़ा, बागेश्वर और पौड़ी के 428 यात्रियों को 13 बसों से अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम हल्द्वानी भेजा गया।
यहां से उन्हें सोमवार की सुबह उनके गृह जिलों के लिए भेजा जाएगा। ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और चंपावत के 697 यात्रियों को 19 बसों से रुद्रपुर के राधास्वामी सत्संग भवन भेजा गया। नैनीताल जिले के 68 यात्रियों को भी बसों के माध्यम से उनके घर भेजा गया।