धुलाई के लिए वाशिंग लाइन जा रही उज्जैन एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। घायल को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मरने वाले युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। हालांकि उसकी जेब से मिले पेपर के आधार पर उसके पौड़ी निवासी होने की संभावना जताई जा रही है। पेपर देखकर पता चला कि दोनों युवकों को काठगोदाम एक्सप्रेस से रुद्रपुर जाना था। जहां उन्हें कल एक कंपनी में सुरक्षा गार्ड के पद पर ज्वाइनिंग लेनी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब दस बजे उज्जैन एक्सप्रेस देहरादून स्टेशन पहुंची। यात्रियों को उतारने के बाद ट्रेन को धुलाई के लिए बैक किया जा रहा था इसी बीच पटरी के पास खड़े दो युवक उसकी चपेट में आ गए। मौके पर पुलिस और जीआरपी पहुंची और घायल युवक को तत्काल दून अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जीआरपी थानाध्यक्ष आरपी सती ने बताया कि मृतक की जेब से कुछ पेपर मिले हैं। जो ठीक ढंग से नहीं पढ़े जा रहे हैं। जेब से एसआईएस नंबर मिला है जो एक सिक्योरिटी ऐजेंसी का है। कंपनी को इसकी सूचना दे दी गई है। देर रात तक शिनाख्त के लिए कंपनी के सदस्य के आने की संभावना है।