रेलवे ने मौसम में सुधार न होता देख तीर्थनगरी ऋषिकेश से दिल्ली जाने वाली दिल्ली पैसेंजर और हरिद्वार-ऋषिकेश के बीच स्थगित चल रहीं तीन रेल सेवाओं की अवधि 15 फरवरी तक बढ़ा दी हैं। पहले इन ट्रेनों को 15 जनवरी तक के लिए रद्द किया गया था।
दिल्ली-ऋषिकेश पैसेंजर सुबह 5:35 बजे आती थी और 6:45 बजे रवाना होती थी। मैदानी क्षेत्र में कोहरे और शीतलहर के चलते रेलवे ने पहले इस ट्रेन को आठ दिसंबर और फिर 15 जनवरी तक स्थगित किया।
मौसम में सुधार न होने पर हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच चलने वाली तीन लोकल ट्रेनों को भी रद्द करना पड़ा। दैनिक यात्री 15 जनवरी से स्थगित रेल सेवाओं के संचालन सुचारू होने की आस लगाए बैठे थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
रेलवे ने फिर खराब मौसम का हवाला देते हुए दिल्ली पैसेंजर 54472, हरिद्वार से ऋषिकेश आने वाली 54481, ऋषिकेश से हरिद्वार जाने वाली 54484 और हरिद्वार से ऋषिकेश आने वाली 54485 को 15 फरवरी तक स्थगित कर दिया हैं।
स्टेशन मास्टर विनोद मीणा ने बताया कि अग्रिम आदेश तक दिल्ली पैसेंजर अप और तीन लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी।