अब यातायात नियम तोड़ने पर पर्ची नहीं बल्कि चालान का एसएमएस आएगा। देश के किसी भी हिस्से में किए गए चालान का भुगतान कहीं से भी ऑनलाइन किया जा सकेगा।
उत्तराखंड में पहली बार ई-चालान सिस्टम 15 मार्च से शुरू होने जा रहा है। वर्तमान में यह व्यवस्था दिल्ली, चंडीगढ़ के साथ उत्तर प्रदेश के कुछ शहरों में चल रही है।
परिवहन विभाग की टीम जल्द सड़कों पर वाहनों का ई-चालान करते नजर आएगी। चालान करते ही वाहन की पूरी डिटेल सेंट्रल कॉमन सर्वर में अपडेट हो जाएगी। इसी के साथ वाहन स्वामी के पास मैसेज आ जाएगा। जिसके जरिये वह कहीं से भी चालान का भुगतान कर सकेंगे।
इसके लिए उन्हें परिवहन विभाग के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। भुगतान का मैसेज भी वाहन स्वामी के पास पहुंचेगा। एआरटीओ प्रशासन अरविंद कुमार पांडेय के मुताबिक परिवहन विभाग इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है। करीब 15 मार्च से वाहनों का ऑनलाइन चालान कटना शुरू हो जाएगा।