बारिश के चलते आए मलबे के कारण क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक मोटर मार्ग बाधित हो गए। लगातार हो रही बारिश के चलते लोक निर्माण विभाग को सड़क खोलने में दिक्कतें हो रही हैं। जेसीबी मशीनें लगातार मलबा हटाने के काम में जुटी हैं। सड़कों के बंद होने से करीब 150 गांवों की आवाजाही प्रभावित हुई। किसानों की नकदी फसलें टमाटर, मिर्च, बींस आदि मंडियों तक नहीं पहुंच सकी।
क्षेत्र में बीते शनिवार की रात से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। जिससे जौनसार बावर और पछवादून क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक मोटर मार्ग बंद हो गए हैं। हालांकि आधा दर्जन मोटर मार्ग पर शाम चार बजे यातायात बहाल करा दिया गया। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड देहरादून अंतर्गत बाढवाला जुडडो मोटर मार्ग जुुडडो के समीप शनिवार देर रात बंद हो गया। जिसको रविवार सुबह 11:00 बजे खोला गया।
लांघा मटोगी बिन्हार मोटर मार्ग किमी 6 पर स्लिप जोन पर बंद पड़ा हुआ है। यमुना पुल हाथीपांव मोटर मार्ग किमी 3 पर बंद है। सहायक अभियंता प्रदीप सैनी ने बताया कि बंद पड़े मोटर मार्गों को खोलने के लिए जेसीबी लगा दी गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना लोक निर्माण विभाग खंड कालसी अंतर्गत गडोल सकरोल मोटर मार्ग और इंद्रोली कंधाड मोटर मार्ग शनिवार देर रात बंद हो गए थे। जिन को रविवार दोपहर 1:00 बजे खोल दिया गया।
सैंसा पणायसा, खारसी खाटुवा, बायला मोटर मार्ग बंद पड़े हैं। अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि बंद मार्गों के देर रात तक खुलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग खंड साहिया अंतर्गत साहिया कालसी मोटर मार्ग बंद हो गया था। जिसको खोल दिया गया है। बैराटखाई बाडो मोटर मार्ग, मीनस अटाल मोटर मार्ग, बैराट खाई गांगरो मोटर मार्ग, धोईरा मोटर मार्ग सहित एक दर्जन से अधिक मोटर मार्ग बंद पड़े हैं। अधिशासी अभियंता प्रत्यूष कुमार ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के चलते मार्ग खोलने में दिक्कत आ रही हैं।
-
चकराता डिविजन की ये सड़कें बंद
बारिश से लोक निर्माण विभाग खंड चकराता के अंतर्गत लोखण्डी-लोहारी, माख्टी पोखरी- ककनोई, कुन्ना - टिपराड, चकराता- लाखामंडल, पुरोडी-रावना-डामटा, खारसी, टुंगरा, दारागाड-कथियान मोटर मार्ग बंद हो गए। अधिशासी अभियंता डीपीएस नेगी ने बताया कि लगातार बारिश हो रही है। जिस कारण सड़क खोलने का कार्य तेजी गति से नहीं हो पा रहा है।