दिल्ली की तर्ज पर अब देहरादून के ट्रैफिक का लाइव प्रसारण रेडियो चैनलों पर सुना जा सकता है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने शुक्रवार को इसकी विधिवत शुरुआत की। ट्रैफिक पुलिस रेडियो की मदद से लोगों को बताएगी कि शहर के किस इलाके में यातायात का दबाव है, ताकि लोगों की असुविधा को कम किया जा सके।
पुलिस कार्यालय में एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने रेडियो जिंदगी (9.8), रेडियो खुशी (90.50) और रेडियो हिमगिर(107.8) के एडीटर और टीम के साथ लाइव प्रसारण की व्यवस्था का शुभारंभ किया। एसपी ट्रैफिक धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि शहर के महत्वपूर्ण बाजारों, कॉलेजों, हाइवे आदि मार्गों पर यातायात की स्थिति से लोगों को पहले ही अवगत करा दिया जाएगा।
साथ ही सड़क हादसे, खराब मौसम और मार्ग परिवर्तन की जानकारी दी जाएगी। सीट बेल्ट, ओवर स्पीड, ओवरटेक, शराब पीकर वाहन न चलाने आदि यातायात नियमों के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि उनकी ट्रैफिक समझ को बढ़ाया जा सके।
उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों को रेडियो के माध्यम प्रसारित करना आसान और कम खर्चीला होगा। एएसपी लोकेश्वर सिंह, सीओ यातायात जया बलोनी आदि इस दौरान मौजूद रही।