भगवानपुर: ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट्स की बैठक में लिया गया निर्णय
ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोटर्स कांग्रेस उत्तराखंड की बैठक आयोजित की गई। इसमें ट्रांसपोर्टरों की समस्या पर विचार-विमर्श किया गया। शनिवार को आयोजित बैठक में प्रदेश महासचिव आदेश सैनी सम्राट ने बताया कि उत्तराखंड सरकार की ओर से एक षड़यंत्र के माध्यम से कॉमर्शियल वाहनों के लिए ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटर प्राइवेट कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए डोईवाला में बनाया गया है। वहां पर हरिद्वार और देहरादून के सभी वाहनों को फिटनेस के लिए डोईवाला ही जाना होगा। वहां ई रिक्शा, टेंपो, टैक्सी एवं सभी प्रकार की बसों और ट्रकों की फिटनेस होगी जबकि ऐसा कोई नियम नहीं है। फिटनेस सेंटर परिवहन व्यवसायियों की सुविधा के अनुसार स्थानीय स्तर पर भी बनाए जा सकते हैं। कहा कि 10 साल पुरानी गाड़ियों को भी सड़कों पर चलाने की पाबंदी लगाने और फिटनेस सेंटर डोईवाला बनाने समेत अन्य समस्याओं के विरोध में 29 नवंबर को उत्तराखंड में सभी प्रकार के वाहनों का चक्का जाम और विधानसभा के घेराव का फैसला लिया गया है। बैठक में संजय सैनी, इसरार, तरुण सैनी, मुकेश शर्मा, संदीप कुमार, मनोज चौधरी, गुलशेर, मुकीम, सरफराज, कुलदीप आदि मौजूद रहे।
ऋषिकेश: 29 नवंबर को विधानसभा का घेराव करेंगे ट्रांसपोर्टर
आईएसबीटी स्थित एक होटल में उत्तराखंड परिवहन महासंघ के बैनर तले ट्रांसपोर्टरों की बैठक की। बैठक में निर्णय लिया गया कि 29 नवंबर से पहले ट्रांसपोर्टरों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेगा। 29 नवंबर को प्रदेश में कहीं भी ऑटो-विक्रम नहीं चलेंगे। उन्होंने कहा कि डीजल से चलने वाले 10 पुराने ऑटो विक्रम को सड़क बाहर करने के आदेश जारी करने से पहले ट्रांसपोर्टरों को विश्वास में लिया जाना था। 31 दिसंबर तक वाहनों को डीजल वाले ऑटो-विक्रम को सड़क से हटाने का आदेश पूरी तरह से अव्यवहारिक है। कहा कि अभी तक ऋषिकेश में सीएनजी पंपों की स्थापना नहीं हुई है। महासंघ के अध्यक्ष विनय सारस्वत ने कहा कि 29 नवंबर को पूरे उत्तराखंड में कोई भी ऑटो-विक्रम नहीं चलेंगे। ऋषिकेश, हरिद्वार, डोईवाला से तमाम टेंपो महासंघ से जुड़े लोग देहरादून में विधानसभा का घेराव करने के लिए जाएंगे। यातायात कंपनी के अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने कहा की हम टेस्टिंग लेन के विरोधी नही हैं, लेकिन हम यह चाहते हैं कि यह सरकारी नियंत्रण में रहे। जहां वाहन पंजीकृत हो वहीं एआरटीओ कार्यालय के पास उसकी फिटनेस की जाए।
ये भी पढ़ें...पलटवार: 'दाढ़ी रखने से कोई गुरु रविंद्रनाथ टैगोर नहीं बन जाता' सीएम धामी के बयान पर अब हरीश रावत ने दिया जवाब