क्लेमेंटाउन क्षेत्र के चार खंबा चौक के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे सीमेंट मिक्सर ट्रैक्टर की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवती की मौत के मामले में पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, नौ अगस्त की रात वैष्णवी रावत (18) अपनी बड़ी बहन कृतिका रावत के साथ पैदल कमरे की ओर जा रही थी। चार खंबा चौक के पास पीछे से आए सीमेंट मिक्सर लगे ट्रैक्टर ने वैष्णवी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर गई और उसका सिर सीमेंट मिक्सर मशीन के नीचे आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे वेलमेड अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पिता प्रदीप सिंह रावत निवासी बलजीत नगर, नई दिल्ली की तहरीर पर क्लेमेंटाउन थाने में मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बुधवार को ट्रैक्टर चालक कैलाश (52) निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। दुर्घटना करने वाले ट्रैक्टर और सीमेंट मिक्सर मशीन को कब्जे में लिया गया है।