मसूरी। शहर में दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में पर्यटक उमड़े। इससे होटल पैक हो गए। वहीं, पर्यटकों को ट्रैफिक जाम से भी जूझना पड़ा। गांधी चौक, कैंपटी रोड, पिक्चर पैलेस से मैसानिक लाॅज बस अड्डे पर रेंग-रेंगकर ट्रैफिक चलता नजर आया।
वीकेंड पर शनिवार को भी बड़ी संख्या में पर्यटकों ने मसूरी रुख किया। इससे शहर के चौक-चौराहों पर पर्यटकों को जाम का सामना करना पड़ा। मालरोड के खुदा होने के कारण भी अन्य मार्गों पर यातायात का दबाव रहा। इससे पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक व्यवस्था बनाने में पुलिस के पसीने छूट गए।
विज्ञापन
मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को शहर के होटल शत प्रतिशत पैक रहे। वहीं, शहर के बाहर के होटल भी 80 फीसदी तक पैक हो गए। उन्होंने कहा कि तीन दिन का अवकाश होने के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंच रहे हैं। इससे पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरों पर रौनक है।
कुछ मार्गों को किया है वन-वे
सीओ अनिल जोशी ने बताया कि मसूरी की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए उचित कदम उठाए गए हैं। कुछ मार्गों को वन-वे किया गया है। गांधी चौक से मोतीलाल नेहरू मार्ग से वाहनों को शहर की ओर भेजा जा रहा है। वहीं, हरनाम सिंह मार्ग से बाहर निकाला जा रहा है। पावंटा से जो लोग मसूरी पहुंच रहे हैं, उन्हें किमाड़ी के रास्ते से वापस भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि एसएसपी और एसपी ट्रैफिक ने मसूरी के लिए दो हाॅक पुलिस और नो पार्किंग में खड़े वाहनों को उठाने के लिए क्रेन दी है, जिससे व्यवस्था बनाने में मदद मिल रही है। पर्यटन सीजन के लिए अतिरिक्त पुलिस की व्यवस्था की जा रही है।