देश के अन्य राज्यों से घूमने आए पर्यटक दूसरे दिन भी लंबे जाम से गुजरने के बाद मसूरी पहुंचे। जबकि, कोरोना की आरटीपीसीआर नेगेटिव रिपोर्ट, स्मार्ट सिटी के पोर्टल पर पंजीकरण और होटल की बुकिंग न होने से करीब 1500 वाहनों को कोठालगेट से लौटा दिया गया। इस दौरान यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस को कड़ी मेहनत करनी पड़ी।
मसूरी में बढ़ते पर्यटकों के दबाव और जाम से छुटकारा पाने के लिए पुलिस की ओर से केवल उन्हें ही प्रवेश दिया गया, जिनके पास कोरोना गाइडलाइन से संबंधित दस्तावेज पूरे थे। इस व्यवस्था से मैगी प्वाइंट से लेकर मसूरी तक राहत रही। मैगी प्वाइंट के दुकानदारों ने कहा कि कोठालगेट से कम वाहन आने की वजह से उनका काम प्रभावित हुआ है। दुकानदार सुनील रावत ने बताया कि वीकेंड पर अच्छा काम होता है, लेकिन बीते दो दिन से कोठालगेट पर वाहनों को रोकने से काम प्रभावित हुआ है।
वहीं, पुलिस ने बताया कि कोरोना गाइडलाइन से संबंधित दस्तावेज पूरे न होने पर करीब एक हजार चारपहिया और पांच सौ दोपहिया वाहनों को लौटा दिया गया। सड़क के दोनों और लंबा जाम लगने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
---
बारिश से मिली राहत
जाम में फंसे पर्यटकों को दिन में हुई बारिश से राहत मिली। हालांकि, दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी भी हुई। दून में रविवार सुबह से ही बादल छाए रहे और दिन में हुई बारिश से गर्मी का एहसास नहीं हुआ।