तहसील के चिल्हाड़ क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। हनोल स्थित महासू देवता मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4:45 बजे पर्यटकों की कार चिल्हाड़ के पास अचानक बेकाबू होकर गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसे की सूचना मिलते ही त्यूणी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीमों ने गहरी खाई में उतरकर कार में सवार तीनों लोगों को बाहर निकाला। हादसे में दुर्गेश चौधरी (39) निवासी फतापुर, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सुनील मंडल (27) निवासी महावीर एन्क्लेव (दिल्ली) और ऋषभ निवासी देहरादून गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल के पते की तस्दीक कर रही पुलिसत्यूणी थाना प्रभारी कुलदीप शाह ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ ने दोनों घायलों को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, घायल ऋषभ के पूरे पते और अन्य विवरण की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।