फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निकाय चुनाव: इस चुनाव चिह्न के लिए उम्मीदवारों में मची इतनी मारामारी कि निकालनी पड़ी लॉटरी

Tue, 30 Oct 2018 08:49 AM IST
न्यूज डेस्क/अमर उजाला, उत्तरकाशी
विज्ञापन
लॉटरी निकाली उम्मीदवार
विज्ञापन

बीते कुछ चुनावों से चले आ रहे मिथक के चलते नगर पालिका बाड़ाहाट में इस चुनाव चिह्न के लिए मारामारी की स्थिति देखने को मिली। यहां निर्वाचन अधिकारी को अध्यक्ष एवं सभासद पदों पर ‘टॉर्च’ सिंबल का आवंटन लॉटरी के माध्यम से करना पड़ा। यहां अध्यक्ष के साथ ही नौ वार्डों में इस सिंबल पर प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 

विज्ञापन


वर्ष 2008 में हुए नगर पालिका उत्तरकाशी के चुनाव में ‘टॉर्च’ चुनाव चिह्न पर मैदान में उतरे निर्दलीय प्रत्याशी भूपेंद्र चौहान ने भाजपा और कांग्रेस को पटखनी देकर जीत हासिल की थी। इससे पिछले चुनाव में भी चौहान इसी सिंबल पर सभासद का चुनाव जीते थे।

यही कारण रहा कि वर्ष 2013 में हुए नगर पालिका चुनाव में भी निर्दलीय प्रत्याशी जयेंद्री राणा ने इसी सिंबल को अपनाया और भाजपा एवं कांग्रेस के कद्दावर प्रत्याशियों को मात देकर जीत दर्ज की। इस चुनाव में सभासद पद पर भी तीन प्रत्याशियों ने ‘टॉर्च’ सिंबल पर ही जीत हासिल की थी।
विज्ञापन


पिछले तीन चुनावों में लक्की चार्म बनकर उभरे इस सिंबल को लेकर वर्तमान चुनाव में प्रत्याशियों के बीच होड़ सी लग गई। अध्यक्ष पद के लिए चार निर्दलीय प्रत्याशियों ने ‘टॉर्च’ चुनाव चिह्न की मांग की। इस पर लॉटरी के माध्यम से यह सिंबल आवंटित किया गया।

नगर के 11 वार्डों में से वार्ड 4 व 5 में तो भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी ही चुनाव मैदान में हैं, जबकि शेष सभी नौ वार्डों में प्रत्याशियों ने ‘टॉर्च’ सिंबल के लिए आवेदन किया था। स्थिति यह रही कि पांच वार्डों में इस सिंबल के एक से अधिक दावेदार होने पर लॉटरी के माध्यम से आवंटन हुआ, जबकि एक वार्ड में गैस सिलिंडर चुनाव चिह्न का आवंटन भी लॉटरी के माध्यम से किया गया। रिटर्निंग ऑफिसर एसडीएम देवेंद्र नेगी ने स्वीकारा कि ऐसा कम ही देखने को मिलता है, जब एक सिंबल विशेष के लिए इतने अधिक प्रत्याशी दावेदारी करेें।
 

निर्दलीय प्रत्याशियों को लॉटरी से दिया चुनाव चिह्न 

टिहरी जिले की 10 नगर निकायों के लिए अध्यक्ष और वार्ड सभासद पदों के लिए चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों के लिए सोमवार को चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। 10 निकायों में अध्यक्ष पद पर 61 और वार्ड सभासद के 196 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। निर्दलीय प्रत्याशियों ने गुब्बारा और सिलिंडर चुनाव चिह्न के लिए सर्वाधिक आवेदन जमा किए थे।

चंबा नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को लॉटरी के माध्यम से चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। क्योंकि अध्यक्ष पद की तीन निर्दलीय प्रत्याशियों ने सिलिंडर चुनाव चिह्न के लिए आवेदन किया था। एक ही चुनाव चिह्न के लिए तीन आवेदन होने के चलते आरओ ने लाटरी के माध्यम ये चुनाव चिह्न आवंटित किया। गोपेश्वर में भी नामांकन पत्र में भरे मनचाहे चुनाव चिह्न लेने के लिए प्रत्याशियों में मची होड़ को देखते हुए लॉटरी सिस्टम से चिह्न आवंटित किए गए।
 
कलक्ट्रेट परिसर के साथ ही संबंधित तहसीलों में चुनाव चिह्न के लिए प्रत्याशियों की भीड़ जुटी रही। नगर पालिका गोपेश्वर के लिए अध्यक्ष और सभासद के प्रत्याशियों में मनपसंद चुनाव चिह्न के लिए होड़ मची रही, जिसे देखते हुए रिटर्निंग ऑफिसर परमानंद राम ने लॉटरी सिस्टम से चिह्न आवंटित करने का फैसला लिया। ब्यूरो

साहब! ईंट ले लो, गैस सिलिंडर दे दो

देहरादून में भी साहब! ईंट ले लो, गैस सिलिंडर दे दो। सोमवार को नगर निगम स्थित नए प्रशासनिक भवन में पार्षद पद का चुनाव लड़ने वाले निर्दलीय प्रत्याशी इसी तरह निर्वाचन अधिकारियों के सामने मिन्नत करते दिखाई दिए। आठ प्रत्याशियों के बीच चुनाव चिन्ह आवंटन के लिए लॉटरी हुई। इसके बाद उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया। वहीं, मेयर पद के प्रत्याशियों ने जो चुनाव चिन्ह मांगा था उन्हें वही दिया गया। इस दौरान 11 मेयर प्रत्याशियों और 406 पार्षद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। 

भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों को पार्टी के पंजीकृत चुनाव चिह्न दिए गए हैं, जबकि निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच चुनाव चिह्न को लेकर असहमति दिखी। वार्ड 31 कौलागढ़ में पार्षद का चुनाव लड़ रहीं निर्दलीय प्रत्याशी सीता थापा, मीनाक्षी धवन और राखी रावत के बीच ‘बल्ला’ को लेकर लॉटरी कराई गई। लॉटरी में राखी रावत को बल्ला मिला। वहीं, सीता थापा को टॉर्च और मीनाक्षी धवन को मुक्त चुनाव चिह्न आवंटित करने की बात पर सहमति बनी। वार्ड 94 नत्थनपुर-1 के लिए निर्दलीय प्रत्याशी राखी और संजय ने केतली मांगी। लॉटरी के बाद संजय को केतली मिली, वहीं राखी को कैंची दी गई।

वार्ड 96 नवादा में गणपति और मनित वालिया ने चुनाव चिह्न केतली की मांग की, जिसे देखते हुए लॉटरी कराई गई, जिसमें गणपति को केतली तथा मनित को चुनाव चिह्न बाल्टी दिया गया। वार्ड 76 निरंजनपुर से रुचि गुप्ता और विन्नी राठौर ने चुनाव चिह्न गैस सिलिंडर मांगा, दोनों पक्षों के सहमत नहीं होेने पर लॉटरी हुई। जिसमें विन्नी को गैस सिलिंडर दिया गया, जबकि रुचि को अलमारी आवंटित हुई। वार्ड 77 माजरा में अनीस अहमद और रोशन जमीर के बीच केतली को लेकर लॉटरी हुई। अनीस को केतली व रोशन को गैस सिलिंडर दिया गया।

इसी तरह वार्ड 79 भारूवाला ग्रांट में अनिल डिमरी और रविंद्र जैन के बीच ईंट को लेकर लॉटरी कराई गई। रविंद्र को ईंट मिली, जबकि अनिल को गैस सिलिंडर दिया गया। वार्ड 88 मेहूंवाला में परवीन और गुलफशां ने कैंची मांगी। लॉटरी कराने पर परवीन को कैंची मिली। वहीं, गुलफशां को छत का पंखा चुनाव चिह्न दिया गया। इसी तरह वार्ड 57 नेहरू कॉलोनी वार्ड के लिए निर्दलीय प्रत्याशी विजय रावत और विनोद के बीच छत का पंखा को लेकर लॉटरी कराई गई, जो विनोद को आवंटित हुई। विजय को गैस सिलिंडर दिया गया। 

 

47 में से 10-12 चुनाव चिह्न ही मांगे 

निर्वाचन आयोग की ओर से निर्दलीय प्रत्याशियों के लिए 47 चुनाव चिह्न तय किए गए थे लेकिन गैस सिलिंडर, ईंट, केतली, कैमरा, अलमारी समेत 10-12 चुनाव चिह्न ही प्रत्याशियों की ओर से मांगे गए थे। चूड़ियां, बस, बल्लेबाज, हैंगर, लिफाफा, मोतियों की माला, ब्लैकबोर्ड, ब्रीफकेस, बिजली का खंभा, डोली, डीजल पंप, डबल रोटी आदि चुनाव चिह्न लेने से प्रत्याशी बचते रहे। 

मेयर प्रत्याशियों को मिला चुनाव चिह्न 
सुनील उनियाल गामा - कमल
दिनेश अग्रवाल - हाथ 
रजनी रावत - झाडू
विभूति - हाथी
विजय बौड़ाई - कप-प्लेट 
अंजना वालिया - पतंग
जगमोहन मेंदीरत्ता - केतली
रामसुख- बंगला
विजय जगवान - पुल 
अभय जोशी - घंटी 
सरदार खान - गैस सिलिंडर
विज्ञापन

बिल्लू को मिला बंगला, अनुज को मोमबत्ती 

कचहरी परिसर में चुनाव चिह्न लेने के लिए सोमवार को अध्यक्ष और 13 वार्डों के सभासद पद के उम्मीदवारों का जमावड़ा लगा रहा। निर्वाचन आयोग की ओर से अध्यक्ष व सभासद पदों पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। वहीं चुनाव चिह्न मिलने के बाद प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है।   

नगर पालिका अध्यक्ष पद पर छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिनमें भाजपा के ओपी उनियाल को कमल का फूल, कांग्रेस प्रत्याशी मेघ सिंह कंडारी को हाथ, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुमित को झाड़ू, निर्दलीय प्रत्याशी अनुज गुप्ता को मोमबत्ती, लोक जन शक्ति पार्टी के प्रत्याशी बिल्लू वाल्मीकि को बंगला और निर्दलीय प्रत्याशी पूरण सिंह रौछेला को केला चुनाव चिह्न आवंटित किया गया। 

चुनाव अधिकारी सुशील कुमार सैनी ने बताया कि अध्यक्ष पद के साथ ही सभासद के 57 प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए हैं। चुनाव में 47 चिह्न निर्धारित हैं। जिन वार्डों में पांच से अधिक प्रत्याशी हैं। उनमें मोमबत्ती व गैस सिलिंडर की अधिक मांग होने पर चिह्न के आवंटन के लिए लाटरी का सहारा लेना पड़ा।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें