दून में चल रहे 40वें ऑल इंडिया उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला रविवार को एएमएस कोलकाता और दिल्ली चैलेंजर्स की टीम के बीच खेला जाएगा। इससे पहले शनिवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मैच में कोलकाता की टीम ने हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन को नौ विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की की।
शनिवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के मैदान में खेले गए मैच में कोलकाता की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद की टीम कोई खास असर नहीं दिखा पाई। ओपनर बल्लेबाज छोटे स्कोर पर पवेलियन लौट गए। आलम यह रहा कि टीम 34.4 ओवर में 177 रन के स्कोर पर सिमट गई। टीम के लिए पारस राज ने 37 रन बनाए। कोलकाता के लिए लाेन नसीराे ने सबसे अधिक छह विकेट चटकाए। जबकि, दीपक पुनिया दो, अरुण व वैभव अरोड़ा एक-एक विकेट लेने में कामयाब हुए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम के ओपनर बल्लेबाजों ने तेज खेल दिखाते हुए 19.5 ओवर में ही नौ विकेट से मैच जीत लिया। भरत शर्मा ने सबसे ज्यादा 67 गेंदों में चार छक्के और 10 चौकों के दम पर नाबाद 82 रनों की पारी खेली। भरत का साथ हिमांशु राना ने दिया और 36 गेंदों में चार छक्के और छह चौकों की मदद से 58 रनों का योगदान दिया।