-पार्टी मुख्यालय समेत सभी जगहों पर एलईडी के माध्यम से प्रसारण की तैयारी पूरी
-बजट आने के बाद मंत्री अपने जिलों में प्रेस वार्ता कर बताएंगे खूबियां
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। भाजपा रविवार को प्रस्तुत होने वाले देश के आम बजट को आमजन के बीच व्यापक स्वरूप में सुनने जा रही है। जिसको लेकर प्रदेश के पार्टी मुख्यालय से लेकर मंडल स्तर पर 78 स्थानों पर एलईडी के माध्यम से सामूहिक रूप से बजट अभिभाषण देखा एवं सुना जाएगा।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि केंद्रीय बजट प्रस्तुतीकरण का बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है। पार्टी का प्रयास है कि आमजन को भी केंद्र सरकार के इस बजट से व्यापक स्वरूप में जोड़ा जाए। जिसके लिए प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर राजधानी स्थित पार्टी प्रदेश मुख्यालय में बजट अवलोकन का मुख्य कार्यक्रम होगा। जिसमें पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एलईडी के माध्यम से बजट भाषण का लाइव प्रसारण देखेंगे।
इसी तरह विधानसभा एवं मंडल स्तर पर भी कुल 78 स्थानों पर जनता के साथ एलईडी पर बजट सत्र का प्रसारण देखा जाएगा। इसके बाद आने वाले दिनों में बजट को लेकर पत्रकार वार्ता एवं गोष्ठियां के माध्यम से जनसंवाद स्थापित किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर पार्टी नेतृत्व की तरफ से प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल को प्रदेश समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया है कि केंद्रीय बजट, आम लोगों की आकांक्षाओं के साथ देश के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा भी प्रस्तुत करता है। पार्टी का प्रयास है कि आने वाले वित्तीय वर्ष में सरकार से क्या लाभ मिलने वाला है, वह आम लोगों की जानकारी और चर्चा का विषय बने।