दुबई से एक माह पूर्व श्रीनगर लौटे कोरोना संक्रमित युवक की राजकीय मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में मौत हो गई। युवक को तीन दिन से बुखार के साथ ही सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। जिस पर परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले आए थे।
कोविड अस्पताल के पीआरओ अरुण बडोनी ने बताया कि 21 फरवरी की शाम साढ़े चार बजे पौड़ी जिले के पाबौ से 34 वर्षीय युवक की तबीयत खराब होने पर कोविड अस्पताल में भर्ती करवाया गया। युवक को सांस लेने में परेशानी और बुखार भी था।
परिजनों ने बताया कि वह एक माह पूर्व ही दुबई से लौटा है। रेपिड टेस्ट में पॉजिटिव आने पर उसे कोविड आईसीयू में भर्ती कर दिया गया। लेकिन रात 11 बजे उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने मौत की वजह निमोनिया और ह्दय व फेफड़ों का काम बंद करना बताया है।