- देहरादून-कर्णप्रयाग मार्ग पर अलग-अलग जगहों पर तय हुई गतिसीमा
- पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए बनाई जाएगी नियमावली, फुटपाथ होंगे सुरक्षित
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। परिवहन विभाग अब सड़कों पर हादसे रोकने के लिए नए साल में नए सिरे से जुट गया है। देहरादून से कर्णप्रयाग सड़क मार्ग की गतिसीमा निर्धारण के बाद अब परिवहन मुख्यालय तीन अन्य मार्गों की गतिसीमा जल्द ही तय करेगा।
हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में सड़क हादसे रोकने पर सीएम ने काफी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जहां गति सीमा तय नहीं है, वहां तेजी से निर्धारण किया जाए। परिवहन मुख्यालय के मुताबिक, देहरादून-कर्णप्रयाग सड़क मार्ग पर गति सीमा निर्धारण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
इसके लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया है, ताकि वे जरूरत के हिसाब से गति सीमा तय कर सकें और हादसों को कम करने में मदद कर सकें। इस साल देहरादून से मसूरी, देहरादून से विकासनगर और हरिद्वार-रुड़की-नारसन मार्ग की गति सीमा निर्धारण का काम शुरू होगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि तीनों मार्गों की गतिसीमा तय होने के बाद निश्चित तौर पर हादसे कम किए जा सकेंगे। अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही तीनों मार्गों की गतिसीमा निर्धारण का काम शुरू कर दिया जाएगा।
-
पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए बनेगी नियमावली
प्रदेश में फुटपाथ पर चलने के लिए पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए नियमावली बनाई जाएगी। सीएम पुष्कर धामी ने इस संबंध में निर्देश दिए हैं कि जहां फुटपाथ नहीं हैं, वहां निर्माण किया जाए। इसके साथ ही फुटपाथ से प्राथमिकता के तौर पर अतिक्रमण हटाया जाए। पैदल चलने वाले यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है।