मेहूंवाला क्लस्टर पेयजल योजना के तहत नई व पुरानी पाइपलाइन के लीकेज ठीक करने के लिए यहां की सड़कों पर अनुमति के बिना जेसीबी से खोदाई की जा रही है। इससे यहां के स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। आने-जाने में हो रहीं दिक्कतों के बाद लोगों ने पेयजल निगम में विश्व बैंक परियोजना इकाई के अधिशासी अभियंता को ईमेल कर शिकायत की है।
क्लस्टर की शिकायत निवारण समिति के सदस्यों ने बताया कि योजना के तहत जोन-एक और दो में मार्च 2023 में कार्य समाप्त हो गया था। वर्तमान समय में भी छोटे-छोटे लीकेज ठीक करने के लिए मुख्य व आंतरिक सड़कों को जेसीबी से खोदा जा रहा है। इससे सड़कों में गड्ढे हो गए हैं। शिकायत में लिखा गया है कि पेयजल निगम की ओर से खोदाई के लिए लोक निर्माण विभाग व नगर निगम से अनुमति नहीं ली गई। पक्की सड़क को खोदकर गड्ढों को केवल मिट्टी से भरा जा रहा है।