कालसी तहसील क्षेत्र के एक गांव से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के तीन युवक एक किशोरी को बाइक पर बहला-फुसलाकर भगाकर ले जा रहे थे। किशोरी के चाचा की सूचना पर कुछ लोगों ने कालसी गेट पर तीनों को पकड़ लिया और थाने लेकर गए। वहां पुलिस से कार्रवाई की मांग करने लगे। मामला राजस्व क्षेत्र के था। मामले में सहारनपुर के नकुड़ थाना क्षेत्र के मलकपुर निवासी आरोपी दीपांशु, दीपक और थाना अंबेटा के ग्राम चपर पीडी निवासी ऋतिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी कालसी दीपक धारीवाल ने बताया कि रविवार शाम को सहारनपुर के तीन युवक कालसी थाना क्षेत्र एक गांव से 15 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जा रहे थे। एक बाइक पर युवक और किशोरी और दूसरी बाइक पर दो युवक सवार थे। किशोरी के चाचा ने इसकी सूचना कुछ परिचितों को दी। इसके बाद लोगों ने पीछा करना शुरू किया। कालसी गेट के पास दो बाइक सवार दिखे। उन्हें पकड़ने का प्रयास किया गया तो बाइक का संतुलन बिगड़ गया। लोगाें ने तीनों युवकों को किशोरी के साथ पकड़ लिया और उन्हें थाने लेकर गए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि घटना राजस्व क्षेत्र की थी, लेकिन पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझा। किशोरी से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि तीनोें युवक उसे जबरदस्ती साथ ले जा रहे थे। उसको गलत काम करने के लिए मजबूर किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि चाचा की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।