Iपुलिस ने रामपुर चुंगी के पास एक शादी समारोह से बरामद, परिजनों को सौंपाI
Iतीन साल के मासूम के लापता होने से रुड़की लेकर देहात तक पुलिस में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने रोडवेज बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मासूम एक शादी समारोह से सकुशल बरामद हुआ तो पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस ने बच्चे को परिजनों को सौंप दिया है।I
Iकलियर निवासी दिलशाद का तीन साल का बेटा हम्माद रविवार दोपहर अपनी मां रुखसार के साथ रुड़की में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। कलियर अड्डे पर वह ई-रिक्शा से उतरी और चालक का भुगतान करने लगी। इस बीच हम्माद कहीं गायब हो गया। बेटे को पास में न पाकर रुखसार के होश उड़ गए और उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर भीड़ जमा हो गई और बच्चे की तलाश शुरू कर दी लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। सूचना मिलते ही सोत बी पुलिस चौकी प्रभारी अंशु चौधरी और सिपाही विपिन कुमार मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही आसपास समेत अन्य जगहों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले।I
Iइस बीच बच्चे के अपहरण की अफवाह फैल गई। वहीं, बच्चे के लापता होने पर जिलेभर में पुलिस में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने बच्चे की तलाश को रुड़की बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, चौराहों पर अभियान चलाया। साथ ही बच्चे का फोटो सोशल मीडिया पर साझा किया। इस बीच शाम करीब चार बजे कुछ लोग बच्चे को लेकर गंगनहर कोतवाली पहुंचे। बच्चे को सकुशल देख परिजनों के आंसू निकल आए और पुलिस ने राहत की सांस ली। इस बीच लोगों ने बताया कि रामपुर के पास एक शादी समारोह में बच्चा अकेला खड़ा रो रहा था। पूछताछ में भी कुछ पता नहीं चला तो उन लोगों ने बच्चे को अपने साथ रखा और शादी समारोह में दावत खिलाई। इसके बाद वह बच्चे को पुलिस के पास लेकर पहुंचे।I
Iबुर्के में महिला को समझ बैठा मांI
Iपुलिस ने बच्चे की मां से जानकारी ली तो पता चला कि जिस रिक्शा में वह बैठी थी उसमें दो तीन अन्य महिलाएं भी बुर्का पहने बैठी थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वह बुर्के में बैठी अन्य महिला को वह मां समझ बैठा होगा और उनके साथ शादी समारोह में पहुंचा होगा। पुलिस ने अपहरण की घटना से इनकार किया है।I
Iदरोगा अंशु चौधरी की मेहनत को सराहाI
Iमहिला दरोगा अंशु चौधरी ने बच्चे को तलाशने के लिए कड़ी मशक्कत की। उनके प्रयासों को एएसपी कुश मिश्रा और सीओ नरेंद्र पंत ने भी सराहा। एएसपी ने कहा कि अंशु चौधरी के प्रयासों और मेहनत से ही बच्चा सकुशल बरामद हुआ है।I